Search
Close this search box.

मुख्य विकास अधिकारी ने फाइलेरिया मुक्ति अभियान का किया शुभारंभ; कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर में बच्चों को खिलाई गई दवा

आज दिनांक 10.02.2026 को जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा फाइलेरिया मुक्त अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।


यह कार्यक्रम विकास खंड हनुमानगंज के कम्पोजिट विद्यालय बसंतपुर में आयोजित किया गया, जहाँ मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं बच्चों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाकर अभियान की शुरुआत की।


यह विशेष अभियान आज से प्रारंभ होकर आगामी 28 फरवरी 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। इस अवधि के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा का सेवन सुनिश्चित कराएंगी।


पूर्ण मनोयोग से कार्य करने के निर्देश-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी आशा बहुओं और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को निर्देशित किया कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि फाइलेरिया मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए हर एक व्यक्ति तक पहुँचना अनिवार्य है। टीम को निर्देशित किया गया कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति दवा के सेवन से वंचित न रहे।


फाइलेरिया रोधी दवाओं का विवरण-
इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में निम्नलिखित तीन दवाओं की खुराक (आयु और शारीरिक मापदंडों के अनुसार) दी जा रही है:

  • डी.ई.सी. (Diethylcarbamazine citrate)
  • एल्बेंडाजॉल (Albendazole)
  • इवरमेक्टिन (Ivermectin)

महत्वपूर्ण नोट: फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन समय पर दवा का सेवन कर इससे पूरी तरह बचा जा सकता है। यह दवाएं खाली पेट नहीं खानी चाहिए।


मुख्य विकास अधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपने आस पास सफाई रखें, स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और फाइलेरिया मुक्त समाज बनाने में अपना योगदान दें।

बलिया से संजय सिंह की रिपोर्ट

Leave a Comment

और पढ़ें