बलिया। बेल्थरा रोड क्षेत्र के सोनाड़ीह गांव में रविवार शाम एक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक अर्जुन की मौत हो गई। बेल्थरा रोड पर हुई इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। रविवार शाम करीब 6 बजे सोनाड़ीह चट्टी मंदिर के पास स्थित बगीचे में गांव निवासी गोपाल का पुत्र अर्जुन खेल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद कार चालक घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अर्जुन को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर अर्जुन की मां अस्पताल पहुंचीं। बताया गया कि अर्जुन अपने दो भाइयों में छोटा था और उसके पिता विदेश में नौकरी करते हैं।मृतक के मामा मंगलेश ने उभांव थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन तेज रफ्तार में था और उसमें तेज आवाज में गाना बज रहा था। मंगलेश के अनुसार, हादसे के बाद चालक बेल्थरा रोड की ओर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे कुंडैल गांव के पास पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना से सोनाड़ीह गांव और आसपास के क्षेत्रों में गम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर और चट्टी क्षेत्र में यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
रिपोर्टर अवधेश यादव









