बलिया। थाना चितबड़ागांव पुलिस ने झपट्टामारी और जानलेवा हमले के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह और थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी।घटना 25 मार्च 2026 की है, जब सब्जी मंडी गेट के पास चाय-नमकीन बेचने वाली महिला के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ।
आरोप है कि अभियुक्तों ने महिला को गाली-गलौज करते हुए उसके कान के सोने के टप्स और गले की सिकड़ी झपट ली। विरोध करने पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में 26 मार्च को थाना चितबड़ागांव में मुकदमा दर्ज किया गया।
27 मार्च 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सुजायत सहाड़ी हनुमान मंदिर के पास से दोनों आरोपियों—सर्वजीत कनौजिया (19 वर्ष) और नीरज कुमार राय (24 वर्ष), निवासी राजापुर थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर—को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से दो टप्स, एक टूटी हुई सिकड़ी और दो ब्लेड बरामद किए गए।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








