वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवां गांव में कुछ घरों द्वारा राहगीरों पर गंदा पानी, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ फेंके जाने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस वजह से आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इस संबंध में कोटवां चौकी इंचार्ज मोहम्मद परवेज को पूर्व में अवगत कराया गया था, जिस पर संबंधित परिवारों को समझाया भी गया था। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति में अभी तक सुधार नहीं हुआ है।
गांव के लोगों में इसको लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे चाहते हैं कि प्रशासन हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकाले, जिससे सड़क पर आने-जाने वालों, विशेषकर स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।








