मिरजापुर । शासन की मंशानुरूप जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील लालगंज में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक तथा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

तहसील लालगंज में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 79 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद जब शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाएगा और यदि गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लालगंज को निर्देश दिया कि एक ही शिकायत को लेकर बार-बार आने वाले शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को भटकना न पड़े। उन्होंने भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में विवाद का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
साथ ही ग्राम सभाओं के चकरोड और सरकारी जमीनों पर किए गए अतिक्रमण को फसल कटने के बाद हटाने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए जल निगम ग्रामीण को हर घर नल से जल योजना के तहत शत-प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराबियों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को भी गलत बिलों के सुधार और ट्रांसफार्मरों की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए।अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। तहसील सदर में 81 में से 12, मड़िहान में 39 में से 5 और चुनार में 66 में से 1 प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










