गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन पर हुए सड़क हादसे में घायल सिपाही रमन सिंह की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया गया कि सोमवार देर रात बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर पुलिस चौकी के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे में गाज़ीपुर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल रमन सिंह, पवन गुप्ता और मृदुल शुक्ला घायल हो गए थे। रमन सिंह के वाहन का एयरबैग नहीं खुलने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि अन्य दोनों को हल्की चोटें आईं।
गंभीर रूप से घायल रमन सिंह का वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।रमन सिंह मूल रूप से गोरखपुर के निवासी थे। उनकी शादी नवंबर 2023 में हुई थी और उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक वर्ष की मासूम बेटी भी है।
उनके असामयिक निधन से परिवार पूरी तरह टूट गया है।गुरुवार को गाज़ीपुर पुलिस लाइन में उनका शव पहुंचते ही साथी पुलिसकर्मी गमगीन हो उठे। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा सहित अन्य अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
संजय सिंह ब्यूरो गाजीपुर।









