Search
Close this search box.

मीरजापुर में खेत में गाय घुसने को लेकर विवाद, लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला, महिलाएं घायल

मीरजापुर: जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत चिन्दलिख गहरवार गांव में खेत में गाय घुसने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित दिलीप सिंह के अनुसार 9 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे उनके खेत में एक गाय घुस गई थी, जिसे उनके बड़े भाई मंगलेश्वर सिंह ने भगा दिया। बाद में वही गाय विपक्षी के खेत में चली गई।

आरोप है कि इसी बात को लेकर शाम करीब 6:30 बजे सुखेन्दर सिंह, शैलेन्द्र सिंह और निखिल सिंह लाठी, डंडा, फरसा और तलवार लेकर पीड़ित के घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मंगलेश्वर सिंह को जान से मारने की धमकी दी और बेरहमी से मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचीं घर की महिलाओं पर भी फरसा और तलवार से हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गईं। पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल थाना को दी गई, जिसमें भाई का मेडिकल तो कराया गया, लेकिन घायल महिलाओं का मेडिकल नहीं कराया गया और अब तक मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया है।

पीड़ित परिवार ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर सभी घायलों का मेडिकल कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ब्यूरोचीफ — बसंत कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें