मीरजापुर। , 09 अप्रैल 2026। राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल एवं सदस्य दीपक गोयल ने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत अष्टभुजा निरीक्षण गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने गौ संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और सुधारात्मक कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण को सामाजिक और मानवीय दायित्व मानते हुए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जहां 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है।
साथ ही 50 रुपये प्रतिदिन की दर से भरण-पोषण सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है।जनपद मीरजापुर में 49 गौ आश्रय स्थलों में 14,575 गोवंश संरक्षित हैं, जबकि 518 गोपालकों ने 1,645 गोवंश को अपनाया है।
उन्होंने बताया कि गौशालाओं की निगरानी के लिए हजारों सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।अधिकारियों ने कहा कि गोवध पर सख्त रोक है और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।








