Search
Close this search box.

पुलिस मुठभेड़ में: ₹25 हजार का इनामी गो-तस्कर घायल गिरफ्तार, अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक व नकदी बरामद

मिर्जापुर। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में वांछित, इनामी एवं गो-तस्करी में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना राजगढ़ एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने ₹25,000 के इनामी गो-तस्कर को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया।थाना राजगढ़ पर पंजीकृत मु0अ0सं0-30/2026 धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वांछित चल रहे शातिर अभियुक्त मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट पुत्र लाल मोहम्मद निवासी ग्राम शाहपुर चौसा, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

अभियुक्त पूर्व में भी गो-तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में तीन मुकदमे दर्ज हैं।बुधवार को संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी अभियुक्त संतनगर क्षेत्र से गोवंशों की खरीद-फरोख्त कर मोटरसाइकिल से सक्तेशगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और तलेर जंगल सेमरी के पास पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।पुलिस ने आत्मरक्षा में सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें मेहंदी हसन के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है।मुठभेड़ स्थल से एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा अभियुक्त के पास से ₹50,500 नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने इस संबंध में थाना राजगढ़ पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें