Search
Close this search box.

मरदह क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से आग, फसल और तीन झोपड़ियां जलकर राख

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने किसानों और ग्रामीणों को भारी नुकसान पहुंचाया। घरिहां गांव निवासी किसान अशोक यादव के खेत में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की लगभग 3 मंडा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीण वेदप्रकाश पांडेय के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे खेतों से धुआं उठता देख गांव वाले मौके पर पहुंचे और तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराते हुए घरेलू संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे अन्य किसानों की फसलें बच गईं।घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल सोनू शर्मा ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील मुख्यालय भेज दी। इसी क्रम में वैदवली गांव में 440 वोल्ट लाइन के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने तीन रिहायशी झोपड़ियों को जलाकर राख कर दिया।

हरिकेश राजभर, त्रिभुवन राजभर और जितेंद्र राजभर की झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं, जिसमें गृहस्थी का सामान और लगभग 20 हजार रुपये नकद जल गए।

हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से कोई जनहानि नहीं हुई। लेखपाल संजय गुप्ता ने मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन करते हुए रिपोर्ट तहसील को भेज दी।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें