Search
Close this search box.

सम्राट महापद्म नन्द जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य समारोह में गूंजे जयकारे

बलिया। नगर के कदम चौराहा स्थित साहनी लाज में ‘आल इण्डिया महापद्म नन्द कम्यूनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन’ के तत्वावधान में चक्रवर्ती सम्राट महापद्म नन्द की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर सम्राट नन्द के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नथुनी जी ने की, जबकि संचालन गुलाब चन्द्र ने किया। समारोह का शुभारंभ सम्राट महापद्म नन्द के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ महान सम्राट को नमन किया।

मुख्य अतिथि एवं प्रान्तीय महासचिव लाल बहादुर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सम्राट महापद्म नन्द ने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोकर एक विशाल और शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण किया। उन्होंने अपने शासनकाल में स्वर्ण मुद्रा का प्रचलन किया, जिससे भारत को ‘सोने की चिड़िया’ के रूप में विश्वभर में पहचान मिली। उनके विचारों और कार्यों ने देश को एक नई दिशा दी।

विशिष्ट अतिथि उदय नारायण ने सम्राट नन्द के जीवन संघर्ष, सैन्य कौशल और प्रशासनिक दक्षता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार ठाकुर, विद्रोही ठाकुर, नन्दजी नन्दा, नित्यानंद ठाकुर, चन्द्रहास ठाकुर, ओम प्रताप ठाकुर, बृजेश ठाकुर, शामू ठाकुर, सौरभ ठाकुर, अगस्त ठाकुर, शंकर ठाकुर, सर्वेश ठाकुर, दिलीप ठाकुर और सुजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिला वर्ग से श्रीलता देवी, अनिता देवी, श्रेया कुमारी, सुष्मिता कुमारी, आरती देवी और बबीता देवी की सक्रिय भागीदारी रही।

अंत में वक्ताओं ने समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और आपसी एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन हेतु चलाये जा रहे मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिलाओं/बालिकाओं को उनके अधिकारों, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारें में जानकारी प्रदान कर किया जा रहा जागरुक