वाराणसी । दालमंडी चौड़ीकरण अभियान को लेकर वाराणसी प्रशासन एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस, लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से रविवार से ध्वस्तीकरण अभियान की शुरुआत की जा रही है।
इस अभियान के तहत करीब 30 मकानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें गिराने की योजना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई लगातार सात दिनों तक चलेगी।ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारी की गई है। चौक थाना के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान तीन थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति से निपटा जा सके।साथ ही, दालमंडी क्षेत्र में वाहनों के आवागमन पर भी अस्थायी रोक लगाई जाएगी और बैरिकेडिंग कर मार्ग को नियंत्रित किया जाएगा।
वहीं, स्थानीय दुकानदारों ने इस कार्रवाई का विरोध जताते हुए इसे अनुचित बताया और कहा कि बार-बार उजाड़े जाने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।









