वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय के नेतृत्व में बनारस रेलवे स्टेशन पर एक नई तकनीकी सुविधा शुरू की गई है।
स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर) स्थित पार्किंग स्थल पर 6-लाइन वाला डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर चालू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म नंबर और समय की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस सुविधा से यात्रियों को ट्रेन संबंधी जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा, जिससे समय की बचत के साथ-साथ उनकी यात्रा और अधिक सुगम होगी।
यह पहल न केवल यात्रियों की सुविधा को बढ़ाएगी, बल्कि स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को भी बेहतर बनाने में सहायक साबित होगी। रेलवे का मानना है कि इस तरह के तकनीकी सुधार भविष्य में और भी आधुनिक सुविधाओं के मार्ग प्रशस्त करेंगे।










