गाजीपुर । के देवकली ब्लॉक अंतर्गत पौटा से रसूलपुर कोलवर मार्ग की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण वर्ष 2005 में सीसी रोड के रूप में हुआ था, लेकिन करीब दो दशक बीत जाने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
परिणामस्वरूप सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कोलवर ग्राम निवासी प्रमोद कुशवाहा के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन साइकिल और मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
विशेष रूप से बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और उनका अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार मरम्मत की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







