वाराणसी। जातालाब क्षेत्र के लोहराडीह, कपसेठी में गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, वाराणसी तथा सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन चन्द्रावती एजुकेशनल विशेष विद्यालय एवं मानसिक मंदित आश्रय गृह व सह प्रशिक्षण केन्द्र, हरसोस तथा मालती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट, लोहराडीह के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा (चंदौली) के विधायक सुशील सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआरसी डायरेक्टर आशीष झा एवं प्रभारी समन्वयक रमेश सिंह उपस्थित रहे।
अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, छड़ी, कमोड कुर्सी, कुशन कमोड, गले का बेल्ट, घुटना बेल्ट और कमर बेल्ट जैसे आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए।सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत आयोजक अरविन्द कुमार सिंह (प्रबंध निदेशक, चन्द्रावती एजुकेशनल ट्रस्ट) और अजय कुमार सिंह (प्रबंध निदेशक, मालती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट) द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख फुन्नन सिंह, ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविन्द कुमार सिंह किया।









