बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को एनएच-31 से एनएच-107 बभनौली तक प्रस्तावित बाईपास कॉरिडोर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वैन के माध्यम से पूरे मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बलिया-बांसडीह राज्य मार्ग से जुड़े सुरहाताल क्षेत्र का भी अवलोकन किया और वहां विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने तथा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बाईपास कॉरिडोर के बनने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित रूप से इसकी समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर तिमराज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








