Search
Close this search box.

बलिया: महाशिवरात्रि को लेकर डीएम व एसपी ने किया प्रमुख शिवालयों व रूटों का निरीक्षण

बलिया। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों और शिवालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मंदिरों, जिनमें बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालय शामिल हैं, का भ्रमण कर महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर प्रशासन एवं पुजारियों से वार्ता कर श्रद्धालुओं के सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन के लिए आवश्यक सुझाव लिए गए तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के सुविधाजनक आवागमन के लिए यातायात डायवर्जन संबंधी निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान शिवालयों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में निकलने वाली शिव बारातों एवं झांकियों के निर्धारित रूटों का भी निरीक्षण किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली को निर्देशित किया गया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात प्रभारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

संजय सिंह, रिपोर्टर बलिया उत्तर प्रदेश

Leave a Comment

और पढ़ें