वाराणसी। 04 अप्रैल 2026: मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन ने शनिवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था एवं संरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्मों की सतह, यात्री शेड, साइनेज, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, केंद्रीयकृत स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, प्रतीक्षालय, आरक्षण केंद्र, टिकट प्रणाली, फूड स्टॉल, वाटर बूथ, शौचालय तथा पीडब्ल्यूआई कार्यालय एवं स्टोर का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफार्म पर लगे स्टेशन नेम बोर्ड को सुव्यवस्थित करने, शौचालयों एवं जल बूथों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने फूड स्टालों पर रेट लिस्ट और डस्टबिन अनिवार्य रूप से लगाने, प्लेटफार्म से निष्प्रयोज्य सामग्री हटाने, शेड में आरसीसी बेंच और पंखों की संख्या बढ़ाने तथा दीवारों पर लगे अनावश्यक पोस्टर-बैनर हटाने के निर्देश दिए।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन्होंने प्लेटफार्म पर अनाधिकृत प्रवेश रोकने, विजिबल केबलों को ढकने तथा संरक्षा उपकरणों के नियमित अनुरक्षण पर विशेष जोर दिया।
मंडल रेल प्रबंधक ने पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग का निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों को परखा। इससे पूर्व उन्होंने स्टेशन यार्ड स्थित समपार संख्या 39ए का निरीक्षण कर गेटमैन के संरक्षा ज्ञान की जांच की तथा पैनल इंटरलॉकिंग सहित अन्य सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सहायक मंडल इंजीनियर श्रीमती मुक्ता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








