वाराणसी: सेवापुरी विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर विधायक नीलू पटेल लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। होली के पावन अवसर पर विधायक ने क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी और अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, खड़ंजा, नाली-नाला तथा सीवर पाइपलाइन का व्यापक निर्माण कराया गया है। साथ ही गंजारी स्टेडियम का प्रस्ताव स्वीकृत कर उसके निर्माण कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल बालिका विद्यालय का निर्माण भी कराया गया है, जिससे क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर सीएनजी पेट्रोल पंप स्थापित कराए गए हैं। भैरव नाथ मंदिर एवं मंदिर तालाब की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। पर्यटन विभाग की ओर से जखनी दक्षिणी माता देवी मंदिर का लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
विधायक के सहयोग से मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से कई रोगियों और जरूरतमंदों का उपचार भी कराया गया। क्षेत्र के प्रमुख सड़क, गली और चौराहों पर हाईमास्ट व स्ट्रिप लाइटें लगवाई गई हैं। मोहनसराय-जखनी रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है, जबकि राजातालाब रेलवे ओवरब्रिज के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
विधायक नीलू पटेल ने कहा कि सेवापुरी विधान सभा क्षेत्र में चौतरफा और समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और आगे भी विकास की गति इसी प्रकार जारी रहेगी।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता








