वाराणसी । 12 अप्रैल 2026: मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देश एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी श्री बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज यांत्रिक विभाग और विद्युत लोको शेड के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यांत्रिक विभाग की टीम 15.4 ओवर में 142 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से नीतीश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाए। वहीं प्रशांत ने 21 रन, दीपक ने 17 रन और कृष कुमार ने 14 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में विद्युत लोको शेड की ओर से अतुल कुमार ने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट झटके। संतोष भारती और विजय प्रकाश ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सुभाष और इमरान को एक-एक सफलता मिली।
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत लोको शेड की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.4 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर 145 रन बना लिए और 8 विकेट से मैच जीत लिया। टीम की ओर से विजय प्रकाश ने 42 रन, रामगोपाल ने 38 रन, पंकज कुमार ने 23 रन और संतोष भारती ने 24 रन बनाए।
यांत्रिक विभाग की ओर से प्रशांत और पवन ने एक-एक विकेट लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अतुल कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्हें वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी एवं सहायक कोच सतीश नारायण सिंह ने सम्मानित किया।










