पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे, महिला वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बनी चैंपियन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित बरेका खेलकूद स्टेडियम में 18वीं अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का फाइनल मुकाबला उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। 18 से 21 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की विभिन्न जोनों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित किए रखा।

पुरुष वर्ग का फाइनल: उत्तर रेलवे 26–24 से विजयी
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तर रेलवे और पश्चिम रेलवे के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत में पश्चिम रेलवे ने बढ़त बनाई, लेकिन उत्तर रेलवे ने शानदार वापसी करते हुए मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। अंतिम क्षणों में कड़े संघर्ष के बाद उत्तर रेलवे ने 26–24 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग का फाइनल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 31–30 से विजेता
महिला वर्ग का फाइनल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच खेला गया। पूरे मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिली। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और अंततः 31–30 से रोमांचक जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में उत्तर रेलवे ने तृतीय स्थान हासिल किया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों की तेज गति, सटीक पासिंग, मजबूत डिफेंस और शानदार गोल प्रयासों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पुरस्कार वितरण समारोह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बरेका खेलकूद संघ एवं रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सह महासचिव, बरेका खेलकूद संघ सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत लोको) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (सर्विस) नीरज जैन, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (इंजन) मनोज कुमार, वरिष्ठ आंकड़ा संसाधक प्रबंधक एस.के. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।









