चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (पूर्व मध्य रेल) और चंदौली जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग स्थापित करने के उद्देश्य से प्रथम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार ने की। यह बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में डीडीयू मंडल के विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम (जे)/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पीडीडीयू नगर राजीव मोहन सक्सेना, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी बाल गोविन्द एवं नगरपालिका पीडीडीयू नगर के एसएफआई शत्रुंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों से जुड़े मुद्दों पर आपसी समझ बढ़ाना तथा बेहतर प्रबंधन के लिए संयुक्त प्रयास सुनिश्चित करना था। दोनों पक्षों ने रेल क्षेत्र में सुगमता, सुरक्षा तथा यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों की सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान डीडीयू जंक्शन पर प्रवेश-निकास की सुविधाओं को सुगम बनाने, संकीर्ण द्वारों एवं गैर-यात्रियों द्वारा अवरोध की समस्या के समाधान पर चर्चा हुई। स्टेशन की पहुंच सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्य सड़क पर स्पष्ट साइनेज/बोर्ड लगाने का सुझाव भी दिया गया, ताकि यात्रियों को स्टेशन की जानकारी आसानी से मिल सके।
रेलवे भूमि पर अतिक्रमण एवं अनधिकृत निर्माण, रेलवे कॉलोनियों के आसपास नाली निर्माण, सट्टी क्षेत्र के निकट मुख्य नाली की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा कचरा प्रबंधन, अनियंत्रित डंपिंग की समस्या, भीड़भाड़ के समय जंक्शन क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता तथा रेलवे क्षेत्र में आवारा पशुओं के नियंत्रण जैसे विषयों पर भी जिला प्रशासन से सहयोग सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने भविष्य में नियमित समन्वय एवं पारस्परिक सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की, ताकि रेल क्षेत्र और आसपास के इलाकों में व्यवस्थाएं और अधिक सुचारू व प्रभावी बनाई जा सकें।
संजय शर्मा
ब्यूरो चन्दौली









