Search
Close this search box.

गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित होंगे पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र

गाजीपुर । साहित्य चेतना समाज की बैठक संस्था के सचिव हीरा राम गुप्ता के पीरनगर के पाण्डेय कालोनी स्थित आवास पर हुई।बैठक में आगामी 5 अप्रैल (रविवार) को गाजीपुर नगर के बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में आयोजित होने वाले संस्था के 41वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2026) की तैयारियों के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा हुई।

संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने बताया कि किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनपद की किसी विभूति को संस्था प्रतिवर्ष अपने वार्षिक समारोह में ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित करती है।इस वर्ष इस सम्मान से राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के सैदपुर तहसील के मलिकपुर गाँव निवासी पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को सम्मानित किया जाएगा।

कलराज मिश्र का लगभग छह दशकों का शुचितापूर्ण सामाजिक व राजनीतिक जीवन रहा है।इस दौरान वे निरंतर सक्रिय रहते हुए विभिन्न पदों पर रहे।उत्तर प्रदेश व केन्द्र में मंत्री रहे।हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के राज्यपाल पद को सुशोभित किया।

प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बाल कलाकार आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में प्रमुख रूप से राजीव कुमार मिश्र,शशिकांत राय,आनन्द प्रकाश अग्रवाल,मनोज सिंह,किशोर ओझा आदि उपस्थित थे।अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डाॅ.रविनन्दन वर्मा एवं संचालन उपाध्यक्ष संजीव गुप्त ने किया।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें