Search
Close this search box.

वाराणसी के घाटों पर मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू, अस्सी से दशाश्वमेध तक हाई-स्पीड इंटरनेट

वाराणसी: शहर को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नगर निगम वाराणसी ने घाटों पर मुफ्त वाई-फाई सेवा की शुरुआत कर दी है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।

पहले चरण में इस परियोजना के तहत अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ा गया है। महापौर ने कहा कि यह पहल शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के संकल्प का हिस्सा है और इससे पर्यटकों, युवाओं तथा शोधार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि घाटों पर आने वाले लोग अब आसानी से क्यूआर कोड स्कैन कर मुफ्त वाई-फाई का लाभ उठा सकेंगे। यह सुविधा न केवल इंटरनेट कनेक्टिविटी को आसान बनाएगी, बल्कि सूचना के आदान-प्रदान को भी तेज करेगी और नगर निगम की सेवाओं को जनता के और करीब लाएगी।

कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल क्रांति का है और इस तरह की पहल आम नागरिकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगी।

वहीं बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क की गति और रेंज का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि भीड़भाड़ के समय में भी कनेक्टिविटी सुचारू बनी रहे।

इस अवसर पर राजेश कुमार यादव ‘चल्लू’, पार्षद विजय द्विवेदी, अमित सिंह, रविंद्र कुमार सिंह, माधुरी सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, सोमनाथ यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें