Search
Close this search box.

गाजीपुर में ओटीपी से होगी गैस सिलेंडर की डिलीवरी, डीएम-एसपी ने जारी किए निर्देश

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने की। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसामान्य को गैस और ईंधन की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही उपभोक्ताओं के घर तक की जाएगी।

उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को हॉकर को बताने पर ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी।बैठक में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी एजेंसी द्वारा अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को अपनी दुकानों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, जिसमें बुकिंग प्रक्रिया, ओटीपी सत्यापन और डिलीवरी समय की जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में नई रीफिल बुकिंग पिछली बुकिंग के 26वें दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 46वें दिन से शुरू हो रही है। प्रशासन ने नागरिकों से गैस की कमी संबंधी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें