गाजीपुर। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए गाजीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक कर परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को हर हाल में निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तार से ब्रीफ करते हुए उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी गईं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, लापरवाही या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों से यह भी कहा गया कि परीक्षा की निष्पक्षता में बाधा डालने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश मिश्रा, एडीएम दिनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी जमानिया अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी, क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा सहित जनपद के कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








