Search
Close this search box.

गाजीपुर हमीद सेतु हादसा, गंगा में गिरे ट्रैक्टर सवार दो युवकों के शव तीसरे दिन बरामद

गाजीपुर । सुहवल थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार को हुए दर्दनाक पुल हादसे का आज रविवार को दुखद अंत हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित नदी में लापता हुए दोनों युवकों क्रमश:उपेन्द्र यादव (40) और कृष्णा उर्फ टिल्लू यादव (24)के शव आज रविवार को घटना के तीसरे दिन गंगा नदी में, शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु से करीब एक किलोमीटर दूर उतराए मिले।

हादसे के तीसरे दिन मिला सुराग सुबह नदी में शव उतराने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार देर शाम कालूपुर निवासी ट्रैक्टर चालक उपेन्द्र यादव अपने साथी मेदनीपुर निवासी कृष्णा उर्फ टिल्लू के साथ गाजीपुर कोल्ड स्टोर से आलू खाली कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे हमीद सेतु पर पहुंचे, ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा।

हादसे के बाद दोनों युवक लापता हो गए थे।रेस्क्यू अभियान और बरामदगी घटना के बाद से ही नदी में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया गया। शनिवार को क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली और इंजन को नदी से बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था।

अंततः रविवार को दोनों के शव बरामद होने के साथ ही तलाश अभियान समाप्त हुआ।कृष्णा उर्फ टिल्लू यादव अपने परिवार में सबसे छोटा था और मजदूरी कर घर चलाता था। उसकी शादी फरवरी 2024 में गोल्डी से हुई थी और उसके छह महीने का एक बेटा आयुष है। वहीं, उपेन्द्र यादव तीन भाइयों में मंझले थे और ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

उनके परिवार में पत्नी रीता देवी समेत दो बेटे और दो बेटियां हैं।दोनों युवकों के शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि नदी में लापता दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें