Search
Close this search box.

गाजीपुर: शक्करपुर रेलवे अंडरपास को मिली रफ्तार, NOC जारी होने पर SDM को धन्यवाद

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील के शक्करपुर गांव में प्रस्तावित रेलवे अंडरपास निर्माण को लेकर अब प्रक्रिया तेज हो गई है। गांव के निवासी डॉ. जितेंद्र प्रसाद ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. हर्षिता तिवारी से मुलाकात कर अंडरपास निर्माण हेतु नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।

डॉ. जितेंद्र प्रसाद पिछले लंबे समय से गांव में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने जुलाई 2025 से इस मुद्दे को लगातार प्रशासनिक और रेलवे स्तर पर उठाते हुए पत्राचार, दस्तावेजी प्रक्रिया और अधिकारियों से समन्वय के जरिए पहल की, जिसके परिणामस्वरूप अब परियोजना को गति मिली है।

इस क्रम में उन्होंने रेल मंत्रालय, डीआरएम वाराणसी तथा जिलाधिकारी गाज़ीपुर से कई बार मुलाकात कर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। उनके प्रयासों से अब इस दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ी है और एनओसी जारी हो चुका है।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि यह प्रयास केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे गांव के विकास और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। अंडरपास बनने से छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा रेलवे लाइन पार करने के दौरान होने वाले जोखिम में कमी आएगी।

उन्होंने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर शक्करपुर गांव को अंडरपास की सौगात मिलेगी। वहीं, इस निर्णय से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोगों को वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

Leave a Comment

और पढ़ें