वाराणसी । के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहटिया स्थित प्रसिद्ध बड़ा गणेश मंदिर के पास एक युवती के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवती चौक क्षेत्र की रहने वाली है और अपनी एक सहेली के साथ मंदिर में दर्शन करने आई थी।
दोनों ने विधिवत पूजा-अर्चना की और उसके बाद मंदिर परिसर में कुछ देर तक चक्कर भी लगाए।इसी दौरान युवती अचानक कहीं जाने लगी। जब उसकी सहेली ने उससे पूछा कि वह कहां जा रही है, तो युवती ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं कहीं भी जाऊं, तुमसे क्या मतलब,” और वहां से चली गई।
इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे परिजन चिंतित हो उठे।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए अपहरण की आशंका जताई।
उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं, कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और युवती की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।





