न्यू दिल्ली: सोने और चांदी के दाम आसमान छूने के बाद अब लगातार फिसलते नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में रोजाना गिरावट दर्ज की जा रही है। सप्ताह के पहले दिन यानी आज भी बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। ताजा भाव के मुताबिक सोना करीब 4,700 रुपये की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी के दाम 17,000 रुपये से ज्यादा टूट गए हैं।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। उस समय सोना करीब 1.84 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। हालांकि, उसी दिन दोपहर बाद से दोनों धातुओं में गिरावट शुरू हो गई, जो अब तक जारी है।
लगातार गिरते दामों से जहां निवेशकों में चिंता बढ़ी है, वहीं खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए इसे राहत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक आगे की कीमतें वैश्विक संकेतों और घरेलू मांग पर निर्भर करेंगी।









