मिर्जापुर। रंगोत्सव होली के उपलक्ष्य में भगवान नरसिंह शोभा यात्रा समिति के तत्वावधान में नगर में पहली बार भगवान नरसिंह की भव्य एवं दिव्य शोभा यात्रा बुधवार को निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा और जगह-जगह लोगों ने अबीर-गुलाल, पुष्प वर्षा, रंग वर्षा और जल वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
साथ ही श्रद्धालुओं के लिए ठंडई और जलपान की भी व्यवस्था की गई।कार्यक्रम की शुरुआत घंटाघर मैदान में भगवान नरसिंह की सजी झांकी की आरती से हुई। आरती राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विंध्याचल विभाग के विभाग प्रचारक कौशल किशोर, जिला प्रचारक रजत प्रताप, नगर प्रचारक अंजनी कुमार, नगर संघचालक अशोक कुमार सोनी, अध्यक्ष लखनलाल केसरवानी, गुंजन चौधरी ‘गर्ग’, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, इंजीनियर विवेक बरनवाल और गौरव ऊमर सहित अन्य लोगों ने की।इस अवसर पर विभाग प्रचारक कौशल किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान नरसिंह का अवतार भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को “क्षणे रुष्टा क्षणे तुष्टा” जैसे भावों को त्यागकर “धर्मो रक्षति रक्षितः” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए एकता और समरसता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
आरती के बाद शोभा यात्रा घंटाघर मैदान से निकलकर घंटाघर चौराहा, सिटी कोतवाली, बसनही बाजार, धुंधी कटरा, पान दरीबा, गुड़हट्टी चौराहा और पेहटी चौराहा होते हुए पक्की सरैया के रास्ते पुनः घंटाघर मैदान पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्ति व उत्साह का वातावरण बना रहा।








