Search
Close this search box.

ताती जमुवारी में हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं श्री राम कथा हजारों श्रद्धालुओं की निकली भव्य कलश यात्रा

गाजीपुर। जनपद के ग्राम सभा तांती जमुवारी में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा, श्री राम यज्ञ एवं संगीतमय श्री राम कथा का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा से हुआ। विद्वान आचार्यों ने पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके उपरांत श्री राम यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। यज्ञ स्थल पर उपस्थित भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।आयोजन के दौरान भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए गांव का भ्रमण किया। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से संपूर्ण वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।संध्या समय संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन किया गया, जिसमें कथा वाचक ने भगवान राम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और धर्म पालन की भावपूर्ण व्याख्या की। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु पहुंचे।

कार्यक्रम में आनंद सिंह, कौशल सिंह, रमाशंकर गुप्ता, पप्पू पांडे, मोनू, ललन सिंह यादव, सुमन प्रधान, प्रधान पति पप्पू यादव (ताती), संत अभिराम दास जी, परम पूज्य मधुकर जी एवं अभय नारायण त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

धर्मेंद्र कुमार रिपोर्टर मरदह

Leave a Comment

और पढ़ें