गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धारानगर खंड की ओर से गुरुवार देर शाम परसा स्थित श्रीद्वारकाधीश मंदिर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभाग प्रचार प्रमुख जितेंद्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली भारत के सबसे प्राचीन और महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है, जो सामाजिक समरसता, भाईचारे और संगठन शक्ति का प्रतीक है।

यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहने और समाज को संगठित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही भारत माता को परम वैभव के शिखर तक पहुंचा सकता है।

उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए संगठन की आवश्यकता पर बल दिया और संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चलाए जा रहे पंच परिवर्तन के उद्देश्यों की जानकारी भी दी। खंड संघचालक कुबेर नाथ ने कहा कि संघ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रहा है और सामाजिक समरसता स्थापित करना उसका प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम में पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। आस्करण यादव, धनंजय सिंह और सोनू राय ने होली गीत प्रस्तुत किए, वहीं कुबेर नाथ ने बृज की प्रसिद्ध होरी गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह में अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। संचालन सत्यम शर्मा ने किया, जबकि अंत में विजय नारायण ने सभी का आभार व्यक्त किया।
धर्मेंद्र कुमार रिपोर्टर मरदह गाजीपुर।








