गाजीपुर । जनपद के मरदह-मऊ फोरलेन मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब केठवली चट्टी के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर में पीछे से आ रही अनियंत्रित डीसीएम जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन चालक और खलासी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, एक खाली डीसीएम बिरनो से मऊ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन केठवली चट्टी के पास पहुंचा, सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से अचानक टकरा गया। बताया जा रहा है कि फोरलेन सड़क पर अक्सर वाहन चालक लापरवाहीपूर्वक गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे ऐसे हादसे आम हो गए हैं।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डीसीएम चालक संजय (निवासी फतेहगंज, बरेली) और खलासी गुड्डू को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला।
दोनों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि हाईवे पर अवैध पार्किंग पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्टिंग उमेश यादव बिरनो गाजीपुर।








