हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के संडीला थाना क्षेत्र के ग्राम मींतो में 11 फरवरी को हुए ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि 11 फरवरी को रंजीत पुत्र हुकुम सिंह निवासी ग्राम मींतो ने सूचना दी थी कि उनके पिता हुकुम सिंह गांव के किनारे खेत में स्थित छप्पर के नीचे, जहां जानवर बांधे जाते हैं, मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर अमन पुत्र रामकुमार और उसकी पत्नी जमुना देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मृतक हुकुम सिंह का जमुना देवी से प्रेम संबंध था। घटना के दिन सुबह अमन ने अपनी मां को छप्पर के नीचे मृतक के साथ देखा, जिससे वह आक्रोशित हो गया।
पुलिस के अनुसार, अमन ने ईंट से हुकुम सिंह के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों ने शव के ऊपर रजाई डाल दी और घर लौट गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल व उनकी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
ओमजीत यादव, उजाला संचार न्यूज










