गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निर्माणाधीन सड़कों एवं अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया।
जिलाधिकारी ने आवास विकास परिषद, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सिंचाई विभाग, यूपी सिडको, राजकीय निर्माण निगम, राज्य सेतु निगम सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने धनाभाव के कारण अधूरे पड़े निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उच्च स्तर पर पत्राचार कर आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने धन आवंटन के बावजूद धीमी प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की और निर्माण एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर किया जाए।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यूरोचीफ- संजय यादव









