Search
Close this search box.

उमाशंकर सिंह के लखनऊ, बलिया और सोनभद्र स्थित ठिकानों पर आयकर विभाग ने बुधवार सुबह छापेमारी की

बलिया। रसड़ा विधानसभा (बलिया) से तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह के लखनऊ आवास पर 50 से अधिक अधिकारी कई गाड़ियों से पहुंचे और पूरे परिसर को घेर लिया। अंदर–बाहर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। टीम फाइलों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में उनकी कंपनी के दफ्तर पर भी 12 गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे।

बताया जा रहा है कि कुछ गाड़ियों पर शादी के पंपलेट लगे थे, जिससे अधिकारी बाराती बनकर पहुंचने की चर्चा रही। बलिया के रसड़ा स्थित आवास पर भी मुख्य द्वार बंद कर सर्च अभियान चलाया गया। आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े कागजातों की जांच के दायरे में की जा रही है।

इस छापेमारी से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।उधर, योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह पिछले दो वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे हैं और हाल ही में अमेरिका से इलाज कराकर लौटे हैं।

वर्तमान में वे लखनऊ आवास पर आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि इस दौरान नर्स और डॉक्टरों के प्रवेश पर भी रोक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक के स्वास्थ्य को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्थाओं की होगी।फिलहाल, आयकर विभाग की जांच जारी है और आगे की जानकारी आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अवधेश यादव रिपोर्टर बलिया

Leave a Comment

और पढ़ें