Search
Close this search box.

केथवली चट्टी हादसा: अचानक ब्रेक से डंपर में घुसा ट्रक, केबिन चकनाचूर, चालक बाल-बाल बचा

गाजीपुर। के मरदह थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर बुधवार को केथवली चट्टी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घटना उस समय हुई जब एक डंपर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रहा गिट्टी लदा ट्रक उसमें जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा ट्रक मिर्जापुर से गोरखपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह केथवली चट्टी के पास पहुंचा, आगे चल रहे डंपर ने अचानक ब्रेक लगा दिया।

कम दूरी होने के कारण ट्रक चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।इस दुर्घटना में ट्रक चालक कृपाशंकर, निवासी कबूलपुर (थाना लोनी कटरा, बाराबंकी), को मामूली चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वाहन से बाहर निकाला।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में ऐसे हादसे आम हो गए हैं। मुख्य वजह फोरलेन पर भारी वाहनों का लापरवाही से खड़ा किया जाना है।

बिना संकेतक या रिफ्लेक्टर के खड़े वाहन रात में दुर्घटनाओं को बढ़ावा देते हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें