बलिया । जनपद के सुखपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भरतपुरा गांव में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक 16 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस वारदात को तीन किशोरों/युवकों द्वारा अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे भरतपुरा गांव स्थित कब्रिस्तान के पास कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने संजीत यादव (16 वर्ष), पुत्र लल्लन यादव, पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
हमले में संजीत के पेट और पीठ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल संजीत को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। संजीत ने बताया कि वह स्कूल से लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे बुलाकर अचानक हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और तहरीर प्राप्त होते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग अवधेश यादव









