बलिया। जनपद में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को गंगा ऑडिटोरियम हॉल में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास खण्ड दुबहड़, पन्दह और गड़वार की आवेदिकाओं को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी (दुबहड़, पन्दह व गड़वार) उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाली अभ्यर्थिनियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक की शुरुआत जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा 17 सितंबर 2025 के शासनादेश के अंतर्गत निर्धारित चयन मानकों की विस्तृत जानकारी देने के साथ हुई। इसके बाद आवेदिकाओं के आवेदन पत्रों का लाइव प्रस्तुतीकरण किया गया और आंगनबाड़ी केंद्रवार पात्र अभ्यर्थिनियों की सूची सार्वजनिक की गई।
इस दौरान आवेदिकाओं द्वारा उठाई गई आपत्तियों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
जानकारी के अनुसार, बाल विकास परियोजना दुबहड़ में 95, गड़वार में 47 तथा पन्दह में 60 अभ्यर्थिनियां चयन हेतु पात्र पाई गई हैं। वहीं, दुबहड़ के 3 केंद्र, गड़वार के 13 केंद्र और पन्दह के 1 केंद्र पर चयन प्रक्रिया फिलहाल स्थगित रखी गई है। इन केंद्रों पर अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन और प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।








