बलिया। बेल्थरा रोड में बुधवार को रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रहे। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर रसोई गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है।इस मामले को गंभीर बताते हुए स्थानीय तहसील के अधिवक्ता राशिद कमाल पाशा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।
उन्होंने बेल्थरा रोड में रसोई गैस सिलेंडर की कथित किल्लत की जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। पाशा ने कहा कि रमजान माह के दौरान रसोई गैस की अनुपलब्धता से रोजेदारों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।हालांकि, आपूर्ति विभाग ने गैस की किल्लत के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

आपूर्ति निरीक्षक विजय राय ने बताया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति और वितरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरों के कारण लोग घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। राय ने आगे बताया कि कई उपभोक्ता अपने घरों में गैस होने के बावजूद भविष्य की आशंकाओं के चलते खाली सिलेंडर भरवाने के लिए सुबह से ही लाइन में लग जाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में यदि लोग स्वयं लाइन में लगते हैं, तो उन्हें रोका नहीं जा सकता।फिलहाल, नगर की गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बनी हुई है, जिससे आम लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि रमजान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिपोर्टर अवधेश यादव







