बलिया । जनपद के थाना रेवती पुलिस एवं आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भाखर व दुसाध टोली, कस्बा रेवती क्षेत्र में दबिश दी गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।

अभियान का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर द्वारा तथा नेतृत्व क्षेत्राधिकारी बैरिया मो0 फहीम कुरैशी के मार्गदर्शन में किया गया।दिनांक 28.02.2026 को थानाध्यक्ष रेवती अनुपम जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उक्त स्थानों पर सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 3000 लीटर लहन (कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री) तथा 40 अवैध भट्टियां बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गईं।
इस अभियान में आबकारी निरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक विनय राय, उपनिरीक्षक छुन्ना सिंह, उपनिरीक्षक ऋषिकेश गुप्ता, उपनिरीक्षक कपिलदेव, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल जितेन्द्र यादव, अतुल सिंह, शिवपूजन तथा पुनीत चौरसिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।संयुक्त टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

हालांकि छापेमारी के दौरान कोई वांछित अभियुक्त मौके पर नहीं मिला। पुलिस द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा, जिससे कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








