बलिया। जिले में गुरुवार को राजकीय पॉलिटेक्निक ग्राउंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 252 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा गणेश प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। प्रभारी मंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए 24 प्रकार की उपहार सामग्री वितरित की।

प्रभारी मंत्री ने योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रमों ने गरीब परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। पहले बेटियों की शादी के लिए परिवारों को जमीन बेचनी या गहने गिरवी रखने पड़ते थे, लेकिन अब आर्थिक अभाव विवाह में बाधा नहीं बनता। उन्होंने बताया कि विवाह अनुदान राशि को ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सामग्री वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि सरकार जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार तक व्यापक योजनाएं चला रही है। जननी सुरक्षा योजना, मुफ्त राशन, आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए योजना को गरीब परिवारों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है और सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और सादगी का संदेश देते हैं।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि योजना के तहत ₹60 हजार की राशि सीधे वधू के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी, ₹25 हजार की उपहार सामग्री प्रदान की गई है तथा शेष राशि आयोजन पर व्यय की जाती है। कार्यक्रम स्थल पर ही विवाह पंजीकरण की व्यवस्था की गई थी।
नवविवाहित जोड़ों को 24 प्रकार की उपयोगी घरेलू सामग्री प्रदान की गई, जिनमें साड़ियां, चुनरी, कपड़े, चांदी की पायल व बिछिया, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, कंबल, गद्दे, तकिए, सिन्दूर, चूड़ियां, लड्डू व ड्राई फ्रूट के पैकेट आदि शामिल रहे।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सीडीओ ओजस्वी राज, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, कोषाधिकारी आनंद दुबे सहित जनपद के समस्त अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन से जिले में हर्ष का वातावरण रहा।









