बलिया। जनपद में माटीकला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन चंद्रशेखर उद्यान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिट्टी से निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन देना और कुम्हार समुदाय को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इसी उद्देश्य से पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क विद्युत चालित चाक वितरित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि हो सके।मंत्री ने बताया कि जनपद के 17 विकास खंडों के ग्राम प्रधानों के सहयोग से अधिक से अधिक कुम्हार परिवारों को योजना से जोड़ा गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 28 लाभार्थियों को माटीकला टूल किट (विद्युत चालित चाक) प्रदान की गई, जबकि 5 लाभार्थियों को पागमील मशीन दी गई।
इसके अतिरिक्त 10 हजार रुपये तक का मुक्त ऋण भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि कारीगर बिना आर्थिक दबाव के अपना कार्य आरंभ या विस्तार कर सकें।कार्यक्रम के दौरान 17 ब्लॉकों के ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कुम्हार समुदाय के लोग उपस्थित रहे। यह पहल जिले में पारंपरिक माटीकला को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया उत्तर-प्रदेश








