Search
Close this search box.

बलिया में राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आंशिक असर, रैली के बाद सौंपा गया ज्ञापन

बलिया। चार श्रमिक कानूनों के विरोध में राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले गुरुवार को आयोजित राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का असर जनपद में आंशिक रूप से देखा गया। अधिकांश विभाग सामान्य दिनों की तरह खुले रहे और कामकाज चलता रहा। महासंघ द्वारा पूर्व में किए गए व्यापक असर के दावे अपेक्षित रूप से साकार नहीं हो सके।

टाउन हाल से अपराह्न निकली रैली का नेतृत्व महासंघ के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने किया। रैली में मुख्य रूप से यूपीएमएसआरए, किसान मजदूर सभा, ठेका मजदूर यूनियन, सीटू, एफएमआरएआई तथा वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस इम्प्लाइज यूनियन, अटेवा, आंगनबाड़ी, आशा कर्मचारी यूनियन, सफाई कर्मचारी यूनियन सहित एक-दो अन्य संगठनों ने सहभागिता निभाई। हालांकि पुरानी पेंशन बहाली की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

महासंघ के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह और महामंत्री राजेश रावत ने दावा किया था कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल से नगर का माहौल पूरी तरह प्रभावित रहेगा, लेकिन अधिकांश स्थानों पर गतिविधियां सामान्य रहीं। रैली शांतिपूर्ण ढंग से निर्धारित मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां ज्ञापन सौंपने के बाद सभा में परिवर्तित हो गई।

सभा को राज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, विनोद कुमार मिश्रा, रामनाथ पासवान, श्वेता सिंह, शशि सिंह, चंद्रदेव मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, राजेश पांडे, जनार्दन यादव और महामंत्री राजेश रावत सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर संध्या त्रिपाठी, अनिल सिंह, अर्जुन अवार्डी अशोक श्रीवास्तव, दिनेश पासवान, हरेंद्र वर्मा, विजय वर्मा, रुपेश शर्मा, नंदू, गिरजा शंकर, लल्लन यादव, सूर्यनाथ आदि मौजूद रहे।

रिपोर्टर: संजय सिंह
बलिया, उत्तर प्रदेश

Leave a Comment

और पढ़ें