Search
Close this search box.

नंदगंज में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद, नमाज के बाद भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया

गाजीपुर । नंदगंज क्षेत्र में हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया ईद पर्वब्यूरो चीफ गाज़ीपुर संजय यादव गाज़ीपुर। नंदगंज तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में ईदुल फितर का पर्व इस वर्ष अत्यंत हर्षोल्लास, आस्था और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। पूरे महीने रोज़ा रखने के बाद रोज़ेदारों ने 30 रोज़े पूरे कर अल्लाह का शुक्र अदा किया और ईद की नमाज़ अदा कर खुशियां मनाईं।

चांद दिखने के बाद ही ईद की तैयारियां तेज हो गई थीं। मग़रिब की नमाज़ के पश्चात बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। लोग कपड़े, सेवईं, मिठाइयां और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी में जुटे रहे। घरों में महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजन, विशेषकर सेवईं और अन्य पकवान बनाने की तैयारियां देर रात तक जारी रखीं।

ईद की सुबह नंदगंज और आसपास के क्षेत्रों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी नए-नए परिधान पहनकर मस्जिदों और ईदगाहों की ओर नमाज़ अदा करने के लिए रवाना हुए।

नंदगंज पश्चिम क्रॉसिंग स्थित बड़ी मस्जिद में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ईदुल फितर की नमाज़ अदा की गई। नमाज़ की इमामत हाफिज कासिम ने की तथा उन्होंने खुतबा पढ़ा। नमाज़ के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।

इसके उपरांत सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। ईद के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवईं और अन्य पकवानों का आनंद लिया।

इस दौरान अन्य धर्मों के लोगों की भी भागीदारी देखने को मिली, जिसने क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल पेश की। हर तरफ आपसी सौहार्द और मेलजोल का माहौल बना रहा। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा।

सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। देर रात तक लोगों का एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देने और खुशियां बांटने का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र ईद की खुशियों में सराबोर नजर आया।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें