Search
Close this search box.

त्रिलोकपुर में आधी रात डकैती, लाखों के जेवरात चोरी, आक्रोशित ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई

गाजीपुर। थाना जंगीपुर क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में बीती रात हुई चोरी/डकैती की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात के दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे चोरों के दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है।सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार सदमे में है, वहीं ग्रामीणों में भय और गुस्सा साफ देखने को मिल रहा है।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।घटना की सूचना पर यादव महासभा का प्रतिनिधि मंडल पीड़ित संजय यादव के घर पहुंचा और परिवार से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए प्रशासन से तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की।

महासभा के मार्गदर्शक एवं पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि “जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। अगर यही हाल रहा तो आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करेगी।

”जिलाध्यक्ष सुजीत ‘साइकिल’ और कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो जनता का भरोसा डगमगा जाएगा। जिला उपाध्यक्ष सिंहासन यादव और कार्यालय प्रभारी अजय प्रताप यादव ने भी साफ शब्दों में कहा कि “कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।

”प्रतिनिधि मंडल के अन्य सदस्यों ने भी एक स्वर में पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की, ताकि क्षेत्र में व्याप्त भय का माहौल खत्म हो सके।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक अपराधी इस तरह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहेंगे? ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।

Leave a Comment

और पढ़ें