रोजगार मेला में कुल 14 हजार युवाओं ने लिया भाग, 2415 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
50 कंपनियों की मौजूदगी में बलिया में रोजगार मेले का सफल आयोजन
बलिया। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रोजगार मिशन–2026 के अंतर्गत शनिवार को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की प्रेरणा से मुरली मनोहर टाउन डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित इस मेले का शुभारंभ अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने फीता काटकर किया।
इस बृहद रोजगार मेले में देश की लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें टाटा मोटर्स, एलएंडटी, अशोक लीलैंड, बंधन बैंक सहित अन्य नामी कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों द्वारा मौके पर ही अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें कुल 2415 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
रोजगार मेले में बलिया जनपद सहित आसपास के जिलों से लगभग 14,000 रोजगार इच्छुक युवाओं ने भाग लिया। चयनित अभ्यर्थियों में तकनीकी, गैर-तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र के युवा शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इस स्तर का रोजगार मेला बलिया जिले में पहली बार आयोजित किया गया है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े रोजगार आयोजनों की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन, सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार, आजमगढ़ मंडल के अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन से युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
संजय सिंह प्रेस रिपोर्टर बलिया






