मीरजापुर। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल राजेश प्रकाश ने सोमवार को नगर पंचायत कछंवा का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालय व्यवस्था और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत में कुल प्रॉपर्टियों की संख्या, हाउस टैक्स और वाटर टैक्स से संबंधित पत्रावलियों की जांच करते हुए विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पहले 2000 प्रॉपर्टियां दर्ज थीं, जबकि नए सर्वे के अनुसार 1200 नई प्रॉपर्टियां जुड़ने के बाद कुल संख्या 3200 हो गई है। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि हाउस टैक्स से संबंधित पांच बड़ी प्रॉपर्टियों की पत्रावलियों का अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कछंवा द्वारा संयुक्त विकास आयुक्त के माध्यम से परीक्षण कराया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि टैक्स निर्धारित नियमों के अनुसार लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान बुकलेट सही ढंग से तैयार न होने पर मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि भविष्य में सभी निरीक्षणों के लिए बिंदुवार और पूर्ण जानकारी के साथ बुकलेट तैयार की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत कछंवा की अध्यक्ष मिताली जायसवाल ने मण्डलायुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। भ्रमण के दौरान मण्डलायुक्त ने बरैनी तिराहा से गड़ौली धाम तक सड़क मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता की जानकारी ली।
इसके बाद मण्डलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय बरैनी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, हैंडपंपों की स्थिति, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति, आयुष्मान कार्ड की प्रगति, राशन कार्ड और राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
आयुष्मान कार्ड की प्रगति कम पाए जाने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अभियान चलाकर शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत जहां-जहां कनेक्शन हो चुके हैं, वहां नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। अन्नपूर्णा घर के लिए भूमि विवाद के निस्तारण हेतु खंड विकास अधिकारी मझवां को निर्देशित किया गया।
चौपाल के दौरान बाल विकास परियोजना कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा पौष्टिक आहार और फल वितरित किए गए। मण्डलायुक्त ने नवजात बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मझवां दिलीप कुमार सिंह, ग्राम प्रधान बरैनी, खंड विकास अधिकारी मझवां सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट मीरजापुर पहुंचकर अभिलेखागार में रखी पत्रावलियों और अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता और नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह के साथ बैठक कर कर्मचारियों से वार्ता की। इस दौरान कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका, पेंशन और अन्य लंबित मामलों की जानकारी ली गई। मण्डलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि यदि किसी कर्मचारी का बकाया या लंबित प्रकरण हो तो उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी लालगंज महेंद्र सिंह, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अनेग सिंह और सदर गुलाब चंद्र से न्यायिक वादों के निस्तारण की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव, अजीत सिंह और संतोष कुमार ओझा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








