रोहनिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए डॉ. सुनील पटेल (विधायक, रोहनिया विधानसभा क्षेत्र) ने अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से सदन में उठाया।
विधायक ने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मोहनसराय चौराहे पर अत्यधिक यातायात दबाव और भीड़भाड़ का मुद्दा उठाते हुए वहां ग्रेड सेपरेटर (फ्लाईओवर) निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि इस चौराहे पर प्रतिदिन भारी वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है।
इसके अलावा उन्होंने मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग के शीघ्र चार-लेन चौड़ीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही अखरी से बच्छाव, करसड़ा एवं बेटवार होते हुए चुनार मार्ग तक सड़क को फोरलेन में परिवर्तित कर चौड़ीकरण कराए जाने की भी मांग रखी, ताकि क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके और विकास को गति मिल सके।
विधायक द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाए जाने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी।









